बेटी की लव मैरिज से दुखी पिता ने सुसाइड किया

Apr 10 2025

ग्वालियर। एक मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनते ही परिजन बेडरूम में पहुंचे, जहां मेडिकल स्टोर संचालक खून से लथपथ पड़ा था। गोली कनपटी पर मारी गई। घटना गत रात की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक की बेटी 15 दिन पहले पड़ोस में रहने वाले एक युवक के साथ चली गई थी। पुलिस ने उसे इंदौर से बरामद किया था, लेकिन उसने पड़ोसी युवक से शादी कर ली थी। तीन दिन पहले कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण के दौरान बेटी ने अपने पति के पक्ष में बयान दिए और उसी के साथ चली गई थी। बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम से खुद को अपमानित महसूस कर रहे मेडिकल स्टोर संचालक ने आत्महत्या कर ली।
मृतक ऋषिराज उर्फ संजू जायसवाल भैरों बाबा मंदिर के पास रहते थे। व बाबू मेडिकल स्टोर के नाम से नाका चन्द्रबदनी पर दुकान चलाते थे। उनके दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। गत रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चले गए। रात करीब 1 बजे उन्होंने अलमारी से राइफल निकाली और कनपटी पर रखकर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन और अन्य लोग कमरे में पहुंचे, जहां उनका शव पड़ा था। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। गुरुवार सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
बताया गया है कि करीब 15 दिन पहले मृतक की बेटी हर्षिता कुछ दिन पहले घर से लापता हो गई थी, जिसकी सूचना परिजनों ने झांसी रोड थाना पुलिस को दी थी। बाद में पता चला कि पड़ोस में रहने वाला आनंद प्रजापति उसे अपने साथ ले गया था।
पुलिस और परिजनों के दबाव के बाद हर्षिता वापस लौटी, हालांकि उसने आनंद प्रजापति से शादी कर ली थी। ऐसे में अपने मामा-मामी के घर पर रह रही थी। युवती के पति द्वारा कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की गई थी। तीन दिन पहले हर्षिता ने कोर्ट में अपने पति के पक्ष में बयान दिए, जिसके बाद कोर्ट ने उसे पति के साथ जाने की अनुमति दे दी।
पड़ोसियों के अनुसार ऋषिराज बेटी की इस हरकत के बाद से ही मानसिक रूप से परेशान थे और खुद को अपमानित महसूस कर रहे थे। पुलिस भी इसे ही आत्महत्या का मुख्य कारण मान रही है।
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि मृतक का मोबाइल पुलिस को मौके पर मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यापारी ने बेड पर बैठकर कनपटी पर राइफल लगाकर खुद को गोली मारी।
इस मामले में एएसपी कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की बेटी पड़ोस में रहने वाले युवक के साथ चली गई थी और शादी कर ली थी। पुलिस ने उसे इंदौर से बरामद किया था, लेकिन कोर्ट में लडक़ी ने पति के पक्ष में बयान दिए थे। जिससे आहत होकर मृतक ने आत्महत्या की है।