हनुमान जन्मोत्सव की सेवकों को सौंपी जिम्मेदारियां

Apr 10 2025

ग्वालियर। गोलपाड़ा किला गेट स्थित बालाजी धाम मंदिर में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव को लेकर सेवकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान सेवकों को हनुमत जन्मोत्सव पर पहनने के लिए बालाजी महाराज के फोटो लगी टी-शर्ट बांटी गईं। इस अवसरपर मंदिर के मुख्य सेवक जगबीर दास तोमर ने बताया कि 11 से 13 अप्रैल तक चलने वाले हनुमत जन्मोत्सव के आयोजन को लेकर सेवकों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आयोजन की पूरी निगरानी स्वयं जगबीर दास तोमर एवं कृष्ण कुमार (केके) अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर होंगे।
11 अप्रैल शुक्रवार को सुबह 8 बजे से अखंड रामायण पाठ शुरू होगा, जिसकी जिम्मेदारी विजेंद्र कुमार वर्मा और अरुण तिवारी को दी गई है। 12 अप्रैल शनिवार को 56 भोग की व्यवस्था डॉ. रीना तोमर और अनिल महेश्वरी संभालेंगे। इसके बाद 10 बजे अलौकिक हवन यज्ञ का आयोजन आचार्य पियूष शास्त्री की देखरेख में होगा, जिसमें संजय जैन और राहुल महेश्वरी सेवाएं देंगे। शाम 6 बजे कोटेश्वर मंदिर से निकलने वाली राम-हनुमान रथ यात्रा की जिम्मेदारी नितिन सिंह तोमर, जितेंद्र सिंह तोमर, समरजीत सिंह तोमर, केशव तिवारी और शोभिन अग्रवाल को दी गई है। रविवार 13 अप्रैल को शाम 6 बजे भंडारे का आयोजन होगा। इसकी व्यवस्था किशन सिंह तोमर, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, निलेश तिवारी, शैलेश भार्गव और नंदकुमार श्रीवास्तव के हवाले की गई है। विशिष्ट अतिथियों के स्वागत-सम्मान की जिम्मेदारी सुरेश गोयल और रवि अग्रवाल को सौंपी गई है। प्रचार-प्रसार का दायित्व पत्रकार दीपक श्रीवास्तव, विनोद गुप्ता, संजय अयलिया और हेमसिंह निभाएंगे।