सडक़ पर बस धसने से लगा जाम

Apr 09 2025

ग्वालियर। माधवनगर गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास बुधवार सुबह 9 बजे एक प्राइवेट बस जमीन धंसकने से फंस गई। दरअसल इस रोड़ पर हाल ही में वेस्टेज वाटर की निकासी के लिए बड़ी पाइप लाइन डाली गई है। इस रोड पर वाहनों का आवागमन भी चालू हो गया है। 
बुधवार सुबह एक बस यहां से निकल रही थी तभी यहां की जमीन अंदर धंसक गई और बस का अगला पहिया जमीन में घुस गया। बाद में क्रेन के जरिए यहां इस बस को गड्ढे से निकाला गया। जो बस यहां जमीन में धंसी हुई थी उसकी छत पर काफी माल भी लदा हुआ था। निजी बसें यात्रियों के साथ इन दिनों खूब माल भी ढो रही हैं।
जिस समय यह बस जमीन में धंस गई थी उस समय यहां ट्रैफिक जाम हो गया था। इस कारण वाहनों को दूसरी साइड से ही निकाला गया। गाड़ी को निकालने के लिए दो घंटे तक कवायद चलती रही इसके बाद गड्ढे को भी भरा गया फिर यहां से यातायात चालू हो सका।