शीतला माता के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की टेंपो पलटी, 12 घायल

Apr 04 2025

ग्वालियर। शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चैत्र नवरात्र के मौके पर मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी टेंपो गुढ़ा गुढ़ी का नाका पर पलट गई। हादसे में टेंपो सवार सभी 12 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
हादसा उस वक्त हुआ जब गुढ़ा गुढ़ी का नाका क्षेत्र में टेंपो के सामने अचानक एक बस आ गई। संकरी सडक़ पर टेंपो चालक ने बस को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के चलते उसका नियंत्रण बिगड़ गया और टेंपो पलट गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जेएएच के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। 
नदी पार टाल मुरार इलाके से श्रद्धालुओं का जत्था गत रात 8 बजे शीतला माता मंदिर के लिए पैदल रवाना हुआ था। श्रद्धालु हर साल नंगे पैर दर्शन करने जाते हैं और मन्नत पूरी होने पर भंडारा कराते हैं। अमन शर्मा और सुंदर बाथम ने बताया कि मोहल्ले के 15-20 लोग हर साल चैत्र नवरात्र में मां के दर्शन को जाते हैं। इस बार भी मन्नत पूरी होने के बाद सभी दर्शन कर लौट रहे थे। सुबह करीब 5 बजे मंदिर से दर्शन कर टेंपो से वापस लौटते वक्त हादसा हो गया।
हादसे में टेंपो में अतुल शर्मा, सज्जन शर्मा, कोमल बाथम, ज्ञाना बाई बाथम, मीनू बाथम, सुनीता बाथम, पारी बाथम, परी बाथम, कल्लू माहौर  और गणेश माहौर शामिल हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, बाकी को मामूली चोटें आई हैं।
माधौगंज थाना पुलिस के अनुसार, हादसा गुढ़ा गुढ़ी का नाका क्षेत्र में हुआ। श्रद्धालु शीतला माता के दर्शन कर लौट रहे थे। टेंपो पलटने से 12 लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है।