500 बिस्तर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का भूमिपूजन 30 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा

Mar 28 2025

ग्वालियर। शहरवासियों को बेहतर इलाज व सुविधाएं उपलब्ध हों इसके लिए आरोग्यधाम चिकित्सालय समिति ने एक कदम और आगे बढ़ाया है। एमआईटीएस कॉलेज के सामने करीब 2 हेक्टेयर भूमि पर अंचल का दूसरा सबसे बड़ा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र की नींव रखी जा रही है। जयारोग्य समूह के एक हजार बिस्तर अस्पताल के बाद 500 बिस्तर का यह दूसरा अस्पताल होगा।
इसका भूमि-पूजन 30 मार्च की शाम 4 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के मध्यक्षेत्र के सह कार्यवाह हेमंत मुक्तिबोध तथा दंगल टीवी के एमडी मनीष सिंघल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। 
आरोग्यधाम चिकित्सालय समिति के अध्यक्ष मनोज सिंघल व सचिव अनूप अग्रवाल ने बताया कि एमआईटीएस के सामने 2 हेक्टेयर भूमि पर 500 बिस्तर का सुपर स्पेशलिटी अस्पताल निर्मित किया जाएगा। वहां कार्डियक यूनिट, न्यूरोलॉजी, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं मरीजों को मुहैया कराई जाएंगी।
आरोग्य धाम चिकित्सालय के लिए भूमि-पूजन कार्यक्रम के एक दिन पहले से श्रीराम जय राम, जय जय राम का एक करोड़ बार जप किया जाएगा। राम नाम का जप 29 मार्च की सुबह 9 बजे बजे से प्रारंभ होकर 30 मार्च की शाम 4 बजे तक निरंतर जारी रहेगा। इसके बाद विधि-विधान से पूर्णाहुति दी जाएगी।