पति नेे पत्नी को बदनाम करने फेसबुक पर दूसरे शख्स के साथ फोटो शेयर करा

Mar 26 2025

ग्वालियर। एक विवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उसके अश्लील फोटो और वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा है। पति उसे तलाक देना चाहता है और बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। महिला के मुताबिक उसका पति एक साल पहले दूसरे शहर में साइट पर काम करने की बात कहकर गया था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। छह महीने तक फोन पर बातचीत होती रही, लेकिन उसके बाद उसने बात करना भी बंद कर दिया।
बहोड़ापुर के बरा गांव निवासी एक महिला ने एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी 2017 में शोहरत अली से हुई थी। शादी के छह साल तक दोनों का वैवाहिक जीवन सामान्य रहा। लेकिन इसके बाद उसका पति बाहर काम करने की बात कहकर चला गया। शुरुआती छह महीने तक उसने फोन पर बातचीत की, लेकिन फिर संपर्क तोड़ कर कहा कि उसके साथ नहीं रहना चाहता। इसके बाद सास-ससुर और देवर ने उसे घर से निकाल दिया और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे।
महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति अब किसी अनजान युवक और बच्चे के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट कर रहा है और उस व्यक्ति को उसका पति और बच्चे को उसका बच्चा बता रहा है। इससे उसकी समाज में बदनामी हो रही है।
जब उसने अपने पति के इस कृत्य का विरोध किया और उसके घर पहुंची, तो सास सईदा बानो, ननद रजिया, ससुर हसरत अली और देवर शायर अली व जाहिद अली ने उसे अपशब्द कहे और धमकाते हुए भगा दिया। पीडि़ता का आरोप है कि उसका पति दहेज के लालच में उसे छोडक़र चला गया और अब किसी और से निकाह करना चाहता है।
पीडि़ता ने कहा कि पति उसे बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रहा है। जब पहली बार उसने ये तस्वीरें देखीं, तो उसे आत्महत्या का ख्याल आया, लेकिन फिर उसने अपने पति को सबक सिखाने का फैसला किया।
इस मामले में सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि महिला ने शिकायत की है कि उसका पति सोशल मीडिया पर उसे बदनाम करने के लिए अन्य व्यक्ति के साथ उसकी फोटो एडिट कर अपलोड कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।