नव संवत्सर में लोक नृत्यों की धूम रही

Mar 24 2025

ग्वालियर। संस्कार भारती और नगर निगम की ओर से चल रही नव संवत्सर की सांस्कृतिक श्रृंखला के क्रम में डीडी नगर में हुए कार्यक्रम में लोक नृत्यों की धूम रही। 
कार्यक्रम की शुरूआत शिखा डांस ग्रुप से हुई, जिसमें शिखा शर्मा द्वारा तैयार नृत्यों ने दर्शकों के मन को लुभाया। पहली प्रस्तुति ओजस्वी पवार द्वारा शिव स्तुति की दी गई। इसके बाद अन्या, जिज्ञासा, अव्या, शिवार्चिता, वाणी और सुहानी ने राजस्थान के प्रसिद्ध पारंपरिक लोक नृत्य घूमर की आकर्षक प्रस्तुति दी। इसी क्रम में हुनर डवरिया और आद्रिका शर्मा ने राधा कृष्ण की रासलीला को मनमोहक रूप से प्रस्तुत किया गया। नृत्यों के क्रम में डॉ. मोनिका श्रीवास्तव ग्रुप के प्रियल, खुशी, निर्झरा जैन, तन्वी सिंह, नेहा घेघाट और रिषिका बघेल द्वारा हरियाणवी लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। इसी ग्रुप में शालिनी पाराशर, एकता सविता, तनिष्का गोयल, आज्ञा, स्नेहा पाठक और यशस्वी शर्मा ने शिव पार्वती के अर्द्धनारीश्वर नृत्य पर अदभुत प्रस्तुति देकर कला रसिकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। 
इस अवसर पर दीपक तोमर, वरुणदेव शर्मा, डॉ हरिमोहन पुरोहित, बृज किशोर दीक्षित, मोहित, चंद्रप्रताप सिकरवार, प्रदीप दीक्षित सहित कई लोग मौजूद रहे।