सनातन धर्म मंडल की वार्षिक साधारण सभा की बैठक में सदस्यता शुल्क बढक़र 41 हजार हुआ

Mar 24 2025

ग्वालियर। सनातन धर्म मंडल की वार्षिक साधारण सभा की बैठक चक्रधर सभागार में आयोजित की गई। अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल लल्ला, एवं कोषाध्यक्ष राकेश बंसल ने बताया कि मण्डल की वार्षिक साधारण सभा में लगभग 150 सदस्य उपस्थित थे। 
बैठक के शुरू होते ही कुछ सदस्यों ने इसके आयोजन एवं एजेंडे को लेकर विरोध दर्ज कराया एवं 24 सदस्यों का हस्ताक्षर युक्त एक विरोध पत्र भी सौंपा जिसे अध्यक्ष विजय गोयल ने आधारहीन बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया। सदन को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए विरोध करने वाले 24 सदस्यों की सदस्यता समाप्त करने का प्रस्ताव सदन में पारित किया गया जिसे बाद में वापस ले लिया गया। 
कोषाध्यक्ष राकेश बंसल ने मंडल के सदस्यता शुल्क में 20 हजार की वृद्धि कर 41 हजार करने का प्रस्ताव रखा जिसे सदन ने ध्वनि मत से पारित कर दिया। मंडल की पिछली साधारण सभा में राकेश बंसल एवं राधाकिशन खेतान पर लगाए गए आरोपों को भी अध्यक्ष विजय गोयल की अनुमति से रिकॉर्ड से विलोपित कर दिया गया। धर्म मंत्री रविंद्र चौबे पर बकाया सदस्यता शुल्क राशि को भी माफ कर उन्हें आजीवन सदस्यता प्रदान कर साधारण सभा के रिकॉर्ड में अंकित किया गया। 
वार्षिक साधारण सभा में अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल लल्ला, कोषाध्यक्ष राकेश बंसल, हरिशंकर सिंघल राजेश बंसल, रविन्द्र चौबे, नरेंद्र मंगल, संदीप वैश्य, नारायण बृजवासी, मोहनलाल अग्रवाल, मनोज सांघी, कृष्णकुमार गोयल, सुमन सिंघल, कैलाश चंद्र मित्तल, महेश निखार, विमल माहेश्वरी, ओमप्रकाश गोयल, अजय गुप्ता सहित मंडल के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं सदस्य उपस्थित थे।