सप्ताह में एक दिन साइकिल चलाएं:प्रद्युम्न तोमर

Mar 23 2025

ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर अपने अनोखे अंदाज के लिए पहचाने जाते हैं। रविवार सुबह ग्वालियर में वह साइकिल पर सवार होकर शहर भ्रमण पर निकले। उनके समर्थक भी साइकिल से उनके पीछे चलते नजर आए। न्यू कॉलोनी स्थित अपने आवास से उन्होंने साइकिल उठाई और इंटक मैदान तक पहुंचे।
इस अवसर पर मंत्री प्रद्युम्न तोमर ने कहा कि हमारे देश में साइकिल हमेशा से एक लोकप्रिय परिवहन माध्यम रही है। मैं चाहता हूं कि लोग फिर से साइकिल चलाने को प्राथमिकता दें, खासकर छोटी दूरियों के लिए। यह न केवल प्रदूषण को कम करने में मदद करेगा बल्कि हमारे स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। उन्होंने अपील की कि सप्ताह में कम से कम एक दिन लोग बाइक और कार की जगह साइकिल अपनाएं, जिससे पर्यावरण स्वच्छ बना रहे।
मंत्री तोमर ने बताया कि वे सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल का उपयोग करेंगे और अपने विभाग के अधिकारियों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा, छोटे-छोटे कदम बड़े बदलाव ला सकते हैं। अगर हम सभी अपने दैनिक जीवन में ऐसे छोटे परिवर्तन करें तो हम एक स्वच्छ और हरित भविष्य की ओर बढ़ सकते हैं।
मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही हरित यात्रा नामक एक अभियान शुरू करने की भी योजना बना रही है, जिसके तहत लोगों को सार्वजनिक परिवहन और साइकिल का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
शहर भ्रमण के दौरान ऊर्जा मंत्री हजीरा भी पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। समर्थकों के साथ साइकिल से निकले मंत्री तोमर ने लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
साइकिल से वे इंटक मैदान पहुंचे और वहां स्थित सब्जी मंडी से घर के लिए लौकी, आलू, प्याज, टमाटर और तरबूज खरीदा। इस दौरान उन्होंने आम ग्राहकों की तरह सब्जियों के दाम पूछे, मोलभाव किया और धनिया भी ऊपर से डलवाया। दुकानदारों ने रूपए लेने से इनकार किया, लेकिन मंत्री तोमर ने जोर देकर सब्जियों का भुगतान किया। 
इस दौरान उन्होंने स्थानीय विक्रेताओं की समस्याओं को भी सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।