अटल जी सूर्य भी थे और चांद भी थे: शर्मा

Mar 21 2025

ग्वालियर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी समारोह के तहत जिला एवं मंडल टोली के साथ उनकी स्मृतियों को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वेदप्रकाश शर्मा, मनमोहन तिवारी तथा भानू जैन ने उनके साथ बीते हुए ऐतिहासिक पलों व अनुभवों सहित उनकी यादों को साझा किया। इससे पूर्व वरिष्ठजनों का शॉल श्रीफल पहनाकर स्वागत किया। 
भाजपा नेता वेदप्रकाश शर्मा ने श्रद्धेय अटल को याद करते हुए बताया कि जब अटल का 80वां जन्मदिन ग्वालियर में मना था, तब कोटेकर ग्वालियर के संगठन मंत्री हुआ करते थे। तब कोटेकर ने हम सभी से पूछा क्या करना है तो सर्व समिति से निर्णय हुआ कि हम सभी अटल जी के 80वें जन्मदिन पर उन्हें 80 मोतियों का हार पहनाएंगे। जब अटल जी ग्वालियर आए तो हमने उन्हें हार पहनाया तो उन्होंने कहा कि ये ग्वालियर वाले हार से पीछा नहीं छोड़ रहे हैं, ये हार कब तक देते रहोगे। ऐसे ही व्यंग्य और संकेत देकर वो कार्यकर्ताओं को समझाने का काम करते थे और कार्यकर्ता समझ भी जाते थे। ऐसी छोटी-छोटी घटनाओं, छोटी-छोटी चीजों से ही वह महान बने थे। अटल जी का जो औरा था वह सूर्य की तरह तेजवान था ठीक उसके विपरीत वे चांद की तरह शीतल थे। ये अटल जी के व्यक्तित्व की एक विशेषता थी कि वह सूर्य भी थे और चांद भी थे।