रंगपंचमी पर भगवान अचलनाथ ने भक्तों के साथ खेली होली

Mar 19 2025

ग्वालियर। बुधवार को रंगपंचमी के अवसर पर भगवान अचलनाथ भक्तों के साथ होली खेलने निकले। भगवान अचलनाथ सुबह 11:30 बजे स्वर्ण मुकुट धारण व भव्य श्रृंगार कर पालकी (डोले) में सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले। नगर भ्रमण के दौरान भगवान अचलनाथ शहर में भक्तों के साथ होली खेलते हुए नगर आए। 
भगवान अचलनाथ ने महाराज बाड़ा स्थित हनुमान मंदिर और राम मंदिर में भगवान श्रीराम व गिर्राज मंदिर पर भगवान गिर्राजजी और सनातन धर्म मंदिर में भगवान चक्रधारी के साथ गुलाल से होली खेली। चल समारोह के दौरान झांकियां, रासलीला और अखाड़े के कलाकार प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे। प्रमुख बाजारों में व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा गुलाल, पुष्पवर्षा और चंदन लगाकर पूजा-अर्चना की गई।
भगवान अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास के प्रबंधन के अनुसार, भगवान अचलनाथ के चल समारोह कई आकर्षक झांकियां शामिल हुई। चल समारोह इंदरगंज, दाल बाजार, नया बाजार चौराहा, लोहिया बाजार, ऊंटपुल, पाटनकर चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, सराफा बाजार, डीडवाना ओली, राममंदिर, ओल्ड हाईकोर्ट होते हुए वापस अचलेश्वर मंदिर पर समाप्त हुआ है।
सनातन धर्म मंदिर में रंगपंचमी उत्सव हुआ
सनातन धर्म मंदिर के अध्यक्ष विजय गोयल, प्रधानमंत्री रमेश चंद्र गोयल (लल्ला) और कोषाध्यक्ष राकेश बंसल ने बताया कि परंपरागत रूप से भगवान चक्रधर और भगवान अचलनाथ ने परस्पर होली खेली। दस अवसर पर भगवान चक्रधर और गिरिराजधरण का पारंपरिक श्रृंगार भी किया गया। नगर भ्रमण के दौरान भगवान अचलनाथ, भगवान चक्रधर और गिरिराजधरण के साथ होली खेलने के लिए सनातन धर्म मंदिर पधारें। वहां भगवान चक्रधर की ओर से उनका स्वागत कार्यकारिणी सदस्य और श्रद्धालु ने किया था।
बाबा अचलनाथ के साथ पधारे भक्तों का स्वागत गुलाल लगाकर व फूलों से होली खेलकर किया। साथ ही, शीतल ठंडाई से उनका अभिनंदन भी किया।