बेटी द्वारा ज्योतिष के साले से प्रेम विवाह करने पर आरोपी ने बोलेरो से टक्कर मारकर ज्योतिष की हत्या

Mar 15 2025

ग्वालियर। पुलिस ने जिसे सडक़ हादसा मान कर जांच की तो मामला हत्या का निकला। गत 4 मार्च को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने स्कूटी सवार ज्योतिषाचार्य को टक्कर मार दी थी। ज्योतिषाचार्य की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस इसे हिट एंड रन केस मानकर चल रही थी। इसी दौरान नहर में मिली बोलेरो ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
जब पुलिस ने हादसे के बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो उन्हें बिना नंबर प्लेट की बोलेरो दिखी, जो घटनास्थल से हादसे के तुरंत बाद गुजरी थी। घटना के तीन दिन बाद एक बोलेरो करहिया इलाके की नहर में मिली। गाड़ी में कोई नहीं था और न ही नहर में कोई शव मिला।
जांच में सीसीटीवी फुटेज में दिखी गाड़ी और नहर में मिली बोलेरो एक ही पाई गई। यहां से पुलिस ने हत्या के एंगल पर जांच शुरू की। तो पता चला कि हत्या की साजिश करने के लिए आरोपियों यूट्यूब पर क्राइम सीरियल्स देखे थे।
बतादें कि डबरा के इटायल के रहने वाले कमल किशोर रावत की बेटी ने भगवत आचार्य के साले कुलदीप शर्मा से लव मैरिज की थी। इस शादी से नाराज कमल किशोर रावत ने भगवत आचार्य को जिम्मेदार ठहराया। समाज में हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों कमल किशोर रावत, नीतेश रावत, सूरज रावत और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर भगवत आचार्य की हत्या की साजिश रची।
आरोपियों ने छह दिन तक भगवत आचार्य की रेकी की। उनके आने-जाने का समय नोट किया। हत्या को हादसे का रूप देने के लिए इंटरनेट पर क्राइम सीरियल देखे और एक परफेक्ट रोड एक्सीडेंट की योजना बनाई। 4 मार्च को हाईवे पर बोलेरो से भगवत आचार्य को टक्कर मार दी।
आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए बिना नंबर प्लेट की पुरानी बोलेरो का इस्तेमाल किया। वारदात के तीन दिन बाद गाड़ी को नहर में बहा दिया। लेकिन यही उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई। जब पुलिस ने बोलेरो के चेसिस नंबर की जांच की तो पता चला कि यह वाहन आरोपी परिवार से जुड़ा था। इस सुराग के आधार पर बोलेरो चालक नीतेश रावत को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने इस साजिश के लिए कबाड़ से पुरानी बोलेरो खरीदी थी, जिसे समाज की एक महिला के नाम पर रजिस्टर करवाया गया था।