झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक को पड़ोसी ने गोली मारी, मौत

Mar 15 2025

ग्वालियर। होली की रात दो लोगों के झगड़े में बीच-बचाव करने आए युवक की गोली मारकर हत्या कर गई। पड़ोसी ने युवक के पेट और सीने के बीच गोली मारी जो उसकी पीठ को चीरते हुए बाहर निकल गई है। घटना एबी रोड लक्ष्मीगंज में गत रात करीब 11 बजे की है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को निगरानी में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मृतक के दोस्त कपिल कुशवाह ने बताया कि मैं और सुरेन्द्र अपने घर जा रहा थे। रास्ते में अमरजीत कुशवाह किसी से मारपीट कर रहा था। सुरेन्द्र उनके बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचा। इसके बाद सुरेन्द्र पर ही गुस्सा होते हुए अमरजीत घर की तरफ भागा और कट्टा निकाल लाया। यहां उसने गोली मारकर सुरेन्द्र की हत्या कर दी।
शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीगंज चौराहा हरे शिव गार्डन के पास निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र मानसिंह कुशवाह एमपी ऑनलाइन चलाता था। गत रात वह अपने दोस्तों के साथ घूमकर घर लौट रहा था। तभी एबी रोड पर अमित यादव के घर के सामने उसने देखा कि अमरजीत सिंह एक युवक से झगड़ा कर रहा था। वह झगड़ा शांत कराने जाने लगा, इस दौरान उसके साथ चल रहे दोस्तों ने उससे वहां जाने के लिए मना भी किया। इसके बावजूद उसका कहना था कि अमरजीत को वह जानता है वह उसकी बात मान लेगा, पर अमरजीत ने उसके मामले में बोलना इगो पर लेकर उसकी हत्या कर दी।
अमरजीत को सुरेन्द्र जानता था इसलिए उसने उसको रोकते हुए झगड़े में बीच बचाव किया। लेकिन अमरजीत को सुरेंद्र के द्वारा झगड़ा शांत करना रास नहीं आया। वह गुस्से में गालियां देता हुआ अपने घर पहुंचा और कट्टा लेकर वापस अपने साथी उदय राठौर व अन्य के साथ सुरेंद्र के घर के बाहर जा पहुंचा। उस वक्त सुरेंद्र अपने घर के बाहर ही खड़ा हुआ था। सुरेंद्र अभी कुछ समझ पाता उससे पहले ही अमरजीत ने कट्टा तानकर उसे गोली मार दी।
आरोपी अमरजीत ने सुरेंद्र के पेट और सीने के बीच गोली मारी। उसके लगते ही सुरेंद्र लहू-लुहान हालत में जमीन पर गिर पड़ा। आरोपी अमरजीत मौका पाकर अपने साथियों के साथ स्पॉट से फरार हो गया। सुरेंद्र को उसके दोस्त पर परिजन गंभीर हालात जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने कुछ देर बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी लगते ही पुलिस घटनास्थल और अस्पताल पहुंची। पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने अमरजीत और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जनकगंज थाना पुलिस ने बताया कि झगड़ा कर रहे दो युवकों के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक की एक युवक ने हत्या कर दी है। पुलिस हत्या आरोपियों की तलाश कर रही है।