सडक़ों पर निकली मस्तानों की टोली, गलियों में मची होली की हुड़दंग

Mar 15 2025

ग्वालियर। शहर में हर जगह चौक चौराहों पर युवाओं और मस्तानों की टोलियां नजर आई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। विशेषकर बच्चों व युवाओं की टोलियों में उत्साह काफी नजर आया। हर तरफ रंग और गुलाल उड़ता नजर आया। बच्चे सडक़ों पर हुड़दंग करते नजर आएं। होली पर किसी तरह का कोई विवाद न हो इसके लिए काफी तादाद में पुलिस फोर्स भी तैनात किया गया था।
ग्वालियर में विदेशी भी होली के रंग में डूबे नजर आए। अफ्रीका, तंजानिया, मोरक्को सहित कई देशों के छात्रों ने ग्वालियर में जमकर होली खेली। सिरोल इलाके में रहने वाले इन विदेशी छात्रों ने आम लोगों के साथ जमकर होली मनाई। रंग-गुलाल लगाने के साथ ही यह विदेशी छात्र भारतीय गानों पर जमकर थिरके। विदेशियों ने कहा कि रंगों का पर्व होली भारतीय संस्कृति का सबसे अच्छा त्योहार है। ग्वालियर में भी हमने भारतीय दोस्तों के साथ जमकर होली सेलिब्रेट की है।
शहर में होली का उत्सव गुरुवार रात होलिका दहन के साथ ही शुरू हो गया था। रात को होलिका दहन के साथ ही सडक़ों पर रंग और गुलाल लिए युवा नजर आने लगे थे। शुक्रवार सुबह से ही शहर की सडक़ों पर होली का जुनून देखते ही बन रहा था। बच्चों की टोलियां गलियों में घूमकर हुड़दंग करती नजर आ रही थी।
मोहल्ले में डीजे साउंड लगाकर डांस चल रहा था, तो ऊपर से रंग-बिरंगे पानी की बौछार से माहौल खुशनुमा रहा। जगह-जगह युवाओं की टोलियां बाजार में गश्त पर निकली और रंग गुलाल उड़ाते हुए और नाचते झूमते दिखाई दिए। इस बार सबसे अधिक सूखे रंगों की होली खेली गई।
शहर में शुक्रवार सुबह से ही होली का हुड़दंग शुरू हो गया है। गलियों में डीजे साउंड लगाकर युवा रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे गाने पर झूमते हुए नजर आए। इसके बाद युवाओं की टोलियां बाजार, गलियों, मोहल्लों में ढोल ताशों के साथ घूमी और हुड़दंग करती नजर आई हैं। पर बाजार से लेकर शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की उपस्थिति को देखते हुए सुबह से पूरा त्योहार शांति सद्भाव के साथ मनाया जा रहा है।