शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला, शांति से मनाएं त्योहार

Mar 13 2025

ग्वालियर। होली आने वाली है और रमजान चल रहे है, दोनों त्योहार लोग शांति से मनाएं, इनमें कोई हरकत नहीं हो, इसलिए शहर और देहात में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाल कर अपने इंतजाम जाहिर किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया, होली पर सुरक्षा को काफी कसा गया है। होलिका दहन से लेकर धुलेंडी तक पुलिस फील्ड में रहेगी। सडक़ों पर घूमने वालों की चैकिंग होगी, इस दौरान ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
शहर में हूटर बजाते हुए पुलिस के वाहन सडक़ों पर दौड़े तो खलबली मच गई। देखने वालों ने समझा कि कुछ हो गया है इसलिए भारी तादाद में पुलिस निकली है। फिर पता चला कि यह होली पर सुरक्षा के इंतजाम हैं। लश्कर, मुरार और डबरा सर्किल में फ्लैग मार्च एकसाथ निकाला गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि होली को मस्ती के साथ लेकिन शांति से मनाएं। हरकत करने वालों को शंट किया जाएगा। त्योहार पर हर इलाके में निगरानी रहेगी, किसी पर जबरिया रंग नहीं डालें। मिल-जुलकर त्योहार मनाएं।
सीएसपी रॉबिन जैन ने बताया, फ्लैग मार्च के दौरान लोगों को बताया है सोशल मीडिया पर हरकत करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने के लिए भ्रामक और विवादित पोस्ट नहीं करें और अफवाहें नहीं फैलाएं।