मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका है-आदर्श दीदी

Mar 10 2025

ग्वालियर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के सेवाकेंद्र प्रभु उपहार भवन माधौगंज में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज की भगिनी संस्था राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के महिला प्रभाग तथा श्री गहोई वैश्य समाज कम्पू पंचायत महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। 
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्रह्माकुमारीज केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके आदर्श दीदी, माहेश्वरी हॉस्पिटल से सर्जन डॉ. स्वेता माहेश्वरी, गहोई वैश्य समाज कम्पू पंचायत मंडल की अध्यक्ष साधना खांगट, संरक्षक सुधा बिलैया, संरक्षक डॉ साधना गुप्ता (खर्द), वैश्य समाज चंबल अध्यक्ष राखी गेंडा, लेखिका एवं कवियत्री आशी प्रतिभा दुबे, ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन और प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद भाई उपस्थित थे।
कार्यक्रम में मंच संचालन कर रहीं बीके ज्योति बहन ने ब्रह्माकुमारीज के महिला प्रभाग द्वारा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किये जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। 
ततपश्चात बीके आदर्श दीदी ने सभी को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में महिलाओं अहम भूमिका है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम फहरा रही हैं। चिकित्सा, इंजीनियरिंग, विज्ञान, व्यापार, और यहां तक कि आध्यात्मिकता के क्षेत्र में भी महिलाओं की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। ब्रह्माकुमारीज संस्था इसका एक अनूठा उदाहरण है, जो पूरी तरह से विश्व भर में बहनों द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला शिक्षित होती है, तो वह पूरे परिवार, समाज और देश को आगे बढ़ाती है।
कार्यक्रम में बीके प्रहलाद ने कहा कि महिलाओं ने प्राचीन काल से ही समाज के निर्माण और मूल्य स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे एक परिवार की आधारशिला होती हैं और नैतिकता, प्रेम और सहयोग जैसे गुणों को सिखाने में अग्रणी होती हैं। 
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के द्वारा अलग अलग क्षेत्र की महिलाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिसमें आईटीएम यूनिवर्सिटी से असि. प्रोफेसर सोनाली सिंह, केआरजी कॉलेज से प्रोफेसर डॉ निधि नोगरैया, रश्मि कुचिया, सुनीता यादव, कंचन तोतलानी, छाया, अनुराधा नीखरा, ममता मेहदेले, एडवोकेट शिल्पा डोंगरा सहित मंचासीन बहन शामिल थी।