होली से पहले कॉम्बिंग गश्त, पुलिस ने 278 बदमाश हवालात पहुंचाए

Mar 10 2025

ग्वालियर। पुलिस ने होली से तीन दिन पहले एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। गत रात को कॉम्बिंग गश्त करते हुए स्थायी और गिरफ्तारी वारंटी सहित 278 बदमाशों को पकडक़र हवालात में पहुंचाया गया, जबकि 349 पुराने बदमाशों के घर जाकर उनकी जांच की गई। हालांकि ये वे बदमाश हैं जो लंबे समय से अपराध की दुनिया से दूर हैं। गश्त के दौरान शहर के सभी नाकाबंदी पॉइंट पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस का मुख्य फोकस नकाबपोश बाइक सवारों पर रहा। इस दौरान आधे सैकड़े से अधिक वाहनों को रोककर पूछताछ की गई, वहीं संदिग्ध पाए गए लोगों को भी हवालात में भेजा गया।
हाल के दिनों में शहर में बाहरी अपराधियों द्वारा की जा रही वारदातों के कारण पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो गई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस गश्त में शहरी और देहाती थानों की एक-एक विशेष टीम को तैनात किया गया, जिसकी निगरानी एएसपी, सीएसपी और एसडीओपी स्तर के अधिकारियों ने की। पुलिस ने 278 बदमाशों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। इनमें से कई पर स्थायी और गिरफ्तारी वारंट जारी थे।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि तीन दिन बाद होली का त्योहार है। आमजन का त्योहार फीका न पड़े और बदमाशों में पुलिस का भय बना रहे, इसके लिए पूरे जिले में बदमाशों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस अभियान में उन बदमाशों को टारगेट किया गया जो पुलिस के लिए चुनौती बने हुए थे। रातभर दबिश के बाद पुलिस को सफलता मिली और कुछ ही घंटों में 278 बदमाशों को हवालात में पहुंचा दिया गया।
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाएगी। अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी सिंह नेने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि अपराधियों की धरपकड़ के दौरान पहले उनके घरों की घेराबंदी की जाए और फिर दरवाजा खटखटाया जाए, ताकि वे फरार न हो सकें। साथ ही, सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि गश्त के दौरान अपने मोबाइल फोन बंद रखें और नकाबपोश बाइक सवारों को किसी भी स्थिति में न छोड़ें।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान देर रात पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले करीब दो दर्जन युवकों को पकड़ा और उन्हें थाने पहुंचाया। इसके बाद उनके परिजनों को बुलाकर उनकी सुपुर्दगी में सौंपा गया, साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि आगे वे आवारागर्दी करते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।