मंत्री प्रहलाद पटेल के इस्तीफे पर अड़े कांग्रेसी, फूलबाग पर दिया धरना

Mar 08 2025

ग्वालियर। प्रदेश सरकार में मंत्री प्रहलाद पटेल के विवादित बयान को लेकर कांग्रेस पूरी तरह से हमलावर बनी हुई है और आइना दिखाने का काम कर रही है। मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को फूलबाग पर धरना दिया। 
अपने संबोधन में कांग्रेस नेता प्रदेश सरकार की बखियां उधेडऩे में लगे रहे, यह भी कहा कि जनता हमारी जनार्दन है और आप उनके द्वारा चुने गए प्रतिनिधि। जनता सरकार से अपनी मांगे नहीं कहेगी तो किससे कहेगी। जनता की मांगों की भीख से करना उनका अपमान है। इसलिए पहले मंत्री प्रहलाद पटेल जनता से माफी मांगकर अपना इस्तीफा दें।
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन पर अत्याचार अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में महिलाएं आजादी से घूम नहीं सकती क्योंकि कब उनके साथ कोई अपराध घटित हो जाए कहा नहीं जा सकता। कांग्रेस नेताओं का कहना था भाजपा सरकार में बैठे उनके मंत्री और भ्रष्टाचार अपने चरम पर है। बीजेपी के नेता अहंकार से भरे हुए हैं और अपने आगे किसी को कुछ समझ नहीं रहे। लेकिन जनता जनार्दन होती है जो ज्यादा दिनों तक किसी का अहंकार सहन नहीं करती।
महिला नेत्रियों का किया सम्मान
धरना समाप्त होने के बाद इसमें शामिल हुई कांग्रेस की महिला नेत्रियों का सम्मान भी किया गया। महिला दिवस के उपलक्ष्य में कांग्रेस के नेताओं ने धरने में शामिल हुईं महिला नेत्रियों का सम्मान करते हुए कहा कि यह हमारी शक्ति और ऊर्जा का पुंज है। इसलिए आज सब इनके लिए समर्पित।
धरना प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल, विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, सुरेश राजे, पूर्व मंत्री बालेन्दु शुक्ल, पूर्व विधायक मदन कुशवाह, राम पांडे, सुनील शर्मा, सुरेन्द्र यादव, वीरसिंह तोमर, धर्मेन्द्र शर्मा, मीनू परिहार, रश्मि पवार, गोपीलाल भारतीय, जेएच जाफरी, अवधेश ओमप्रकाश राजपूत, मुनेन्द्र सिंह गौरा, राजेश खान, मनोज जैपुरिया, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्षों सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए।