आग लगने से 16 दुकानें जलकर खाक,50 लाख का नुकसान

Mar 08 2025

ग्वालियर। बहोड़ापुर तिराहा पर गत देर रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें 16 दुकानें जलकर राख हो गईं। शुरुआत में आग एक दुकान में लगी, लेकिन लपटें बढ़ते ही आसपास की 15 और दुकानों को चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब 50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन दमकल दस्ते के पहुंचने में देरी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती, तो कुछ दुकानें बच सकती थीं। आग बुझाने में दमकल टीम को तीन घंटे से अधिक का समय लगा और तब तक दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था।
दमकल दस्ते को आग पर काबू पाने के लिए 22 फायर ब्रिगेड पानी फायर करना पड़ा। चिंगारी पास के बिजली पोल से गिरने के कारण आग और भडक़ गई थी। आग इतनी विकराल थी कि लपटें करीब 20 फीट ऊंचाई तक उठ रही थीं। फायर ब्रिगेड ने पहले इलाके की बिजली सप्लाई बंद कराई और फिर आग बुझाने का कार्य शुरू किया, जो सुबह 5 बजे जाकर पूरा हुआ।
50 लाख के नुकसान की आशंका
आग लगने से अजय बघेल की महालक्ष्मी डेयरी, रामप्रकाश पाल की मां वैष्णो मिष्ठान भंडार, दिनेश राठौर की गणेश कुल्फी, याकूब खान की फेमस जूस, साबिर खान की न्यू फेमस, सतीश बाथम, बल्लू कुशवाह की दुकानें पूरी तरह से जल चुकी है। लोगों का कहना हैं, दमकल जल्दी आती तो कुछ दुकानें बच सकती थीं।
आग में जलकर खाक हुई दुकानों के मालिकों का कहना है कि उनकी आय का एकमात्र स्रोत यही दुकानें थीं, जिससे उनके परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है।
ऊर्जा मंत्री और महापौर ने लिया जायजा
शनिवार दोपहर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर तथा महापौर शोभा सिकरवार मौके पर पहुंचे और पीडि़त दुकानदारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।