38वें एआईयू यूथ फेस्टिवल में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ने किया शानदार प्रदर्शन

Mar 08 2025

ग्वालियर। अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा में आयोजित 38वें एआईयू (एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज) यूथ फेस्टिवल में राजा मान सिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय ग्वालियर ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। विश्वविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने एकांकी, हास्य नाटिका (स्किट), मिमिक्री, कोलाज मेकिंग और इंस्टॉलेशन जैसी विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए।
राष्ट्रीय युवा उत्सव में भारतीय विश्वविद्यालय संघ के अंतर्गत 148 विश्वविद्यालय ने भाग लिया जिसमें राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पांच विधाओं में भाग लेकर पांचो विधाओं में स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 
दल का नेतृत्व नाटक एवं रंगमंच संकाय के विभागअध्यक्ष एवं डीएसडब्ल्यू डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने किया, ज्ञात हो कि उनके मार्गदर्शन में लगातार 7 वर्षों से सेंट्रल जोन युवा उत्सव में ओवरऑल थिएटर चैंपियनशिप की सफलता हासिल की, लगातार पांच बार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में ओवरऑल थिएटर चैंपियनशिप का खिताब हासिल करने का गौरव विश्वविद्यालय को प्राप्त है। जिसमें वह तीन बार नेशनल मैं युवा उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करवा चुके हैं। डॉ. हिमांशु द्विवेदी के नेतृत्व में एक बार ओवरऑल राज्य स्तरीय चैंपियनशिप, दो बार जोनल स्तरीय चैंपियनशिप प्रथम रनरअप और दो बार राज्य स्तरीय युवा उत्सव में ओवरऑल प्रथम रनरअप की ट्रॉफी हासिल की है। महिला दल का नेतृत्व डॉ गीता शर्मा ने किया।
इस सफलता हेतु विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. स्मिता सहस्त्रबुद्धि ने सभी नाटक एवं रंगमंच विभाग एवं चित्रकला विभाग के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की और कहा इसी तरह के प्रदर्शन से विश्वविद्यालय का लगातार नाम हो रहा है। इस सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. राकेश कुशवाहा और वित्त नियंत्रक डॉ आशुतोष खरे ने भी युवा उत्सव में प्राप्त हुई इस सफलता पर दल प्रबंधक एवं सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं प्रेषित की।