आदर्श गौशाला में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते आग लगी,जनहानि बची

Mar 06 2025

ग्वालियर। मुरार लाल टिपारा पर स्थित नगर निगम की आदर्श गौशाला में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। 
आग आदर्श गौशाला में भूसे से बनाई गई बैठक व्यवस्था वाले पोर्शन में लगी। यहां पर भूसे से बने हुए सोफे कुर्सियां और मंच बना हुआ था। आग लगते ही गौशाला का स्टाफ सक्रिय हुआ और फायर ब्रिगेड को फोन कर अपने स्तर पर काफी हद तक आग बुझा ली। फोन पर सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग पर पूरी तरह काबू कर लिया है।
आग से किसी भी तरह के गोवंश या किसी भी व्यक्ति की कोई हानि नहीं हुई है, गौशाला में लगी हुई आग से अभी नुकसान का आकलन नहीं हुआ है। 
गौरतलब है कि आदर्श गोशाला में 10 हजार गोवंश रहता है। यह गोशाला पूरे देश के लिये रॉल मॉडल बन रही है। यहां बायो सीएनजी गेस प्लांट लगा है जिसका उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है। इस आग के बाद बायो सीएनजी गैस प्लांट के लिये सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की आवश्यकता महसूस की जाने लगी है।