ग्वालियर शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल 8 मार्च से,एक लाख के मिलेंगे पुरस्कार

Mar 06 2025

ग्वालियर। सतपुड़ा चलचित्र समिति और विश्व संवाद केंद्र मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 8-9 मार्च को ग्वालियर शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है।
विश्व संवाद केंद्र मध्य प्रदेश के सचिव लोकेंद्र सिंह एवं कार्यक्रम सह संयोजक संजीव गोयल, अभिनव द्विवेदी, डॉ. निशांत शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि ग्वालियर शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ 8 मार्च को दोपहर 2:30 बजे आईआईटीटीएम में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र लोधी, विशेष अतिथि प्रख्यात फिल्म निर्देशक देवेंद्र मालवीय होंगे। अध्यक्षता सतपुड़ा चलचित्र समिति मध्य प्रदेश के अध्यक्षता लाजपत आहूजा करेंगे। 
उन्होंने बताया कि ग्वालियर फिल्म फेस्टिवल में चार वर्ग (कैटेगरी) में फिल्में आमंत्रित की गई हैं। शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, कैंपस फिल्म एवं रील्स कैटेगरी। फिल्म की अवधि भी निर्धारित की गई है, जिसमें शॉर्ट फिल्म 15 मिनट, डॉक्यूमेंट्री अधिकतम 25 मिनट और रील्स के लिए 1 मिनट समय तय किया गया है।
फिल्म फेस्टिवल में विभिन्न श्रेणी में पुरस्कृत श्रेष्ठ फिल्मों को कुल एक लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि सतपुड़ा चलचित्र समिति भारतीय चित्र साधना से संबद्ध है। भारतीय चित्र साधना 2 वर्षों में एक बार राष्ट्रीय स्तर का फिल्म फेस्टिवल आयोजित करता है। इसी तारतम्य में प्रान्त स्तरीय फिल्म फेस्टिवल का आयोजन इस वर्ष ग्वालियर में किया जा रहा है।
171 फिल्मों की प्रविष्टियां आईं
फेस्टिवल के लिए सभी श्रेणियों में कुल 171 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। स्क्रीनिंग समिति ने इनमें से 73 फिल्मों को फेस्टिवल में स्क्रीनिंग के लिए चयनित किया है, जिनमें 28 डाक्यूमेंट्री, 30 शार्ट फि़ल्म, 15 कैंपस फि़ल्म और रील्स प्राप्त हुई है।