साइबर फ्रॉड से बचने का सरल तरीका है जागरूकता: सांघी

Mar 06 2025

ग्वालियर। साइबर फ्रॉड से बचने का सबसे सरल तरीका जागरूकता है। यह बात बुधवार को इंटरनेशनल सेंटर ऑफ मीडिया एक्सीलेंस (आईकॉम) पर साइबर फ्रॉड और उससे बचने के उपाय विषय पर परिचर्चा में मुख्य वक्ता डीआईजी अमित सांघी ने कही। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड में जो भी घटित होता है, वह आप पर ही निर्भर करता है, जब तक आप किसी को भी अपनी बैंक डिटेल्स या ओटीपी शेयर नहीं करेंगे, तब तक आप साइबर अपराधियों के शिकार नहीं हो सकते। 
यदि आपने अज्ञानतावश जानकारी शेयर कर दी तो फिर आप उनका शिकार हो जाएंगे। इसलिए जरूरी हो जाता है कि जागरूक रहें, सतर्क रहें और समय रहते पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि ग्वालियर ग्रेट है। यहां के लोग बेहद सजग और सहयोगी हैं, अपराध को छोड़ दिया जाए तो हर मामले में आगे हैं। उन्होंने बताया कि अपराधों की रोकथाम में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया से मिलने वाला सहयोग अपराधों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित होता है। 
इस दौरान डॉ. केशव पाण्डेय ने संस्था की ओर से शॉल, श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन महेश मुदगल ने तथा आभार व्यक्त दीपक तोमर ने व्यक्त किया।