जैन औषधालय में पक्षी का इलाज कर आसमान में उड़ाया

Mar 04 2025

ग्वालियर। कोटेश्वर मंदिर के सामने किला स्थित सिद्धाचल जैन तीर्थ की तलहटी में आऊखाना के नीचे बने परिंदों के जैन संत भवन एवं पक्षी औषधालय हॉस्पिटल में घायल पक्षियों का नि:शुल्क इलाज किया जाता है। इस हॉस्पिटल में एक पक्षी का इलाज कर उसे अतिथियों ने रोली का तिलक लगाकर आसमान में उड़ाया। अभी इस औषधालय में तीन पक्षियों का इलाज चल रहा है। 
औषधालय के संस्थापक अक्षय कुमार जैन दानी ने बताया कि पक्षियों के इस औषधालय में एक पक्षी बीती 2 जनवरी को घायल अवस्था में घाटीगांव हाइवे से लाया गया था। उक्त पक्षी का डॉक्टर द्वारा इलाज किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल थे, अध्यक्षता औषधालय के संस्थापक अक्षय कुमार जैन दानी ने की। उस पक्षी णमोकर महामंत्र के साथ आसमान में उड़ा दिया। 
इस मौके पर अतिथि आशीष अग्रवाल ने कहा आम आदमी अपनी तकलीफ बता सकता है मगर पशु, पक्षियों की तकलीफ हम सभी व्यक्ति को समझना होगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का शॉल, दुपट्टा, माला और स्मृति चिन्ह से सम्मान किया गया। 
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद राजेंद्र जैन, गिरधारी चौहान, जीएल चौहान, आशीष पांडे, संभव जैन, बजरंग अग्रवाल, डॉ रवि सिंह नरवरिया, राकेश पाल, सतीश कुशवाह आदि उपस्थित थे।