पीएफआई आज एक प्रमुख राष्ट्रीय संगठन के रूप में उभर रहा

Mar 03 2025

ग्वालियर। राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किए जाने के बाद फिजिकल एजुकेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पीयूष जैन पहली बार ग्वालियर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि फिजिकल एजुकेशन ऑफ इंडिया की स्थापना वर्ष 2008 में हुई थी। इस संगठन ने बीते 16 वर्षों में खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। पीएफआई आज एक प्रमुख राष्ट्रीय संगठन के रूप में उभर रहा है।
डॉ. पीयूष जैन ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने खेल और शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में असाधारण प्रगति की है, जो देश को एक खेल महाशक्ति बनने की दिशा में आगे ले जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार की खेल-केंद्रित नीतियों और योजनाओं की वजह से देश में खेल संस्कृति को एक नई दिशा मिली है और खेलों को अब केवल एक शौक या सहायक गतिविधि नहीं, बल्कि एक गंभीर करियर विकल्प और राष्ट्रीय विकास का अभिन्न हिस्सा माना जाने लगा है।
इस मौके पर कैट के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन, डॉ. योगेन्द्र सिंह कुशवाह, संजय नीखरा, डॉ. सीएस तोमर उपस्थित रहे।