10वीं बोर्ड परीक्षा नहीं दे पाए छात्र-छात्राओं ने किया प्रदर्शन

Feb 27 2025

ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल के तहत हाई स्कूल की परीक्षा गुरूवार 27 फरवरी को हिन्दी के पेपर से शुरू हुई। यह परीक्षाएं 21 मार्च तक चलेंगीं। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थी अपने माता-पिता के साथ सुबह 7.45 बजे आना शुरू हो गए थे। आठ बजे से परीक्षा केन्द्रों में छात्रों को प्रवेश देना शुरू कर दिया गया। कड़ाई इतनी थी कि 8.30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान उनके दस्तावेजों का बहुत ही बारीकी से परीक्षण किया गया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल की दसवीं की बोर्ड परीक्षा के पहले दिन ही पद्मा विद्यालय के बाहर हंगामा हो गया। लेट पहुंचे छात्रों को परीक्षा केन्द्र में नहीं घुसने दिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ जिला प्रशासन के आला अफसर भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने हंगामा कर रहीं छात्रा को समझा-बुझाकर 11.10 पर घर रवाना कर दिया। अब इन छात्रों को हिन्दी का पेपर सप्लीमेंट्री के साथ देना पड़ेगा। 
10 वीं बोर्ड एग्जाम के लिए सेंटर पर पहुंचने में 15 मिनट लेट हुए छात्रों को पद्मा विद्यालय में घुसने नहीं दिया। इनमें कोई छात्र हजीरा से आया था तो कोई छात्र गोल पहाडिय़ा से परीक्षा देने पहुंचा था। इनमें एक छात्रा परीक्षा देने के लिए अस्पताल से छुट्टी लेकर पद्मा विद्यालय पहुंची थी। जब छात्रों को प्रवेश नहीं दिया गया तो उन्होंने पद्मा विद्यालय के गेट पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।