ग्वालियर में 12वीं के छात्रों ने 92 केंद्रों पर 49,932 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी

Feb 25 2025

ग्वालियर। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा मंगलवार, 25 फरवरी से शुरू हो गई है। पहला पेपर हिंदी का था। ग्वालियर में 92 केंद्रों पर 49,932 स्टूडेंट्स ने परीक्षा दी। वहीं, 10वीं बोर्ड परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होगी, जिसका पहला पेपर भी हिंदी का रहेगा।
पेपर लीक न हो, इसके लिए मंडल ने सख्त निर्देश दिए हैं कि प्रश्न-पत्र का बॉक्स खोलने से पहले 6 तरफ से वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए। सुबह 8:30 बजे तक ही छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। परीक्षा केंद्र के बाहर 100 मीटर तक किसी को भी खड़ा होने की अनुमति नहीं दी गई। पहला पेपर होने के कारण कुछ छात्र नर्वस नजर आए, लेकिन जिनकी तैयारी अच्छी थी, उनका आत्मविश्वास साफ दिख रहा था।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने एक दिन पहले अधिकारियों के साथ बैठक कर नकलविहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि परीक्षार्थियों को सुबह 8 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा और 8:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
साथ ही, परीक्षा शुरू होने के दो घंटे बाद से पहले किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। यदि कोई दो घंटे बाद जाना चाहता है, तो उसे उत्तर पुस्तिका के साथ प्रश्न-पत्र भी जमा करना होगा। संवेदनशील केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।