कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 234 बदमाशों को पकड़ा

Feb 24 2025

ग्वालियर। बदमाशों पर अंकुश लगाने और वारदातों को रोकने के लिए बीती रात पुलिस ने एक साथ पूरे जिले में कॉम्बिंग गश्त की। कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 234 बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचाया है और 328 उन बदमाशों को चेक किया, जो पूर्व में वारदातों का ताना-बाना बुनने के साथ ही वारदातों में शामिल रहते थे। कॉम्बिंग गश्त में इस बार जो भी बदमाश सामने आया, उसे पुलिस ने एक पल गवाएं बगैर हवालात पहुंचा दिया। 
एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस ने बदमाशों पर नकेल कसने और आम जनता को राहत देने के लिए जिले में एक साथ कॉम्बिंग गश्त की। जिसमें शहर से लेकर देहात के थानों की एक-एक विशेष टीम को लगाया गया, जिसकी मॉनीटरिंग एएसपी, सीएसपी और एसडीओपी द्वारा की गई। कॉम्बिंग गश्त में पुलिस ने 234 उन बदमाशों को पकड़ा है, जिनके खिलाफ स्थायी व गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे। पुलिस ने इन बदमाशों को पकडक़र हवालात पहुंचा दिया है।
कॉम्बिंग गश्त से पहले ही एसएसपी श्री सिंह ने सभी टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिस बदमाश की तलाश में वह जा रहे हैं, उसे चिह्नित कर उसके घर की पहले घेराबंदी, फिर दरवाजा खटखटाए, जिससे वह भाग नहीं सके। प्रमुख चौराहों पर पुलिस जवान व अफसरों को तैनात करने के बाद पुलिस ने गली-मोहल्लों में दबिश दी और जो जिस हालत में मिलां, पुलिस ने उसे थाने पहुंचा दिया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान गत देर रात पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में सडक़ों पर आवारागर्दी करने वाले करीब दो दर्जन के करीब युवकों को पकड़ा है और उन्हें थाने पहुंचा दिया। इसके बाद उनके परिजनों को लताड़ लगाकर उनके हवाले किया है, जिससे यह दोबारा आवारागर्दी का विचार अपने दिमाग से निकाल दें।
देर रात शुरू किए गए कॉम्बिंग गश्त में शुरूआत में पुलिस चौराहों पर कार्रवाई कर रही थी, लेकिन जैसे ही एसएसपी धर्मवीर सिंह के सडक़ पर आने का पता चला और एसएसपी ने जब थाना प्रभारियों को कसना शुरू किया तो पुलिस एक्शन में आ गई और ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
कॉम्बिंग गश्त में किसी प्रकार की चूक ना हो इसके लिए सभी एएसपी, सीएसपी और एसडीओपी लगातार थाना प्रभारियों से कोऑडिनेशन कर मॉनीटरिंग करते रहे और पुलिस कप्तान को रिपोर्ट की।