संविदा नीति व आयुष्मान कार्ड के लिए केंद्रीय मंत्री सिंधिया को सौंपा ज्ञापन

Feb 23 2025

ग्वालियर। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मुरार में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन सौंपा। संघ के जिला अध्यक्ष धर्मवीर शुक्ला ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा जुलाई 2023 में संविदा नीति बनाई गई थी। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग से प्रदेश भर में कार्यरत संविदा कर्मचारियों पर यह नीति लागू करने के लिए निर्देशित किया था। लेकिन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा अभी तक इस नीति को लागू नहीं किया गया।
इसी तरह प्रदेश सरकार द्वारा संविदा कर्मचारियों के लिए आयुष्मान कार्ड की घोषणा की थी, उस पर भी विभाग द्वारा अमल नहीं किया गया है। जबकि कई साथी दुघर्टनाग्रस्त होकर पैसे के अभाव में अपना समुचित इलाज नहीं करा पाते हैं। वहीं सभी संविदा कर्मचारियों ने कोविड 19 में अपने परिवार की चिंता ना करते हुए जनमानस की सेवा की थी, लेकिन फिर भी सरकार को हम कर्मचारियों की मांग पूरी करने में विलंब हो रहा है।
शुक्ला ने कहा कि कई एएनएम कर्मचारी चयन आयोग से चयनित होकर नियुक्ति का इंतजार कर रही हैं, उनको दस्तावेज वेरीफिकेशन के नाम पर अपात्र कर दिया गया है। जबकि उच्च न्यायालय जबलपुर के द्वारा एएनएम को नियुक्ति पत्र प्रदान करने की आदेश शासन को जारी कर दिए गए हैं, फिर भी आज तक उनको नियुक्ति पत्र प्रदान नहीं किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस मामले को लेकर मैं स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा करूंगा।