परीक्षा आने पर घबराए नहीं:बीके प्रहलाद

Feb 23 2025

ग्वालियर। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय मुरार में अध्ययन को आसान बनाएं, परीक्षा का भय मिटाएं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं विषय को लेकर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय से वरिष्ठ राजयोग ध्यान प्रशिक्षक एवं प्रेरक वक्ता बीके प्रहलाद, आरोग्यभारती के प्रांत अध्यक्ष डॉ. एसपी बत्रा, मुरार इकाई प्रभारी डॉ. संदीप स्वर्णकार, स्कूल प्रधानाध्यापक लक्ष्मीकांत राठौर उपस्थित थे। 
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके प्रहलाद ने कहा कि परीक्षा नजदीक जैसे ही आती है तो कई बच्चे घबराने लगते हैं। जबकि घबराना नहीं चाहिए क्योंकि हमारा जो सिलेवस है उसी से प्रश्न पूछे जाने हैं जिन्हें हमने कई बार पढ़ा है। उन्होंने कहा कि अपने मन को सशक्त बनाने तथा विचारों को कंट्रोल करने के लिए थोड़ी देर मेडिटेशन करें। इससे मन हल्का और ऊर्जावान रहेगा।  
डॉ. एसपी बत्रा ने कहा कि जंक फूड खाने से बचें। जीवन का लक्ष्य तय कर उस ओर बढ़ें। कार्यक्रम में डॉ. संदीप स्वर्णकार एवं प्रधानाध्यापक लक्ष्मीकांत राठौर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।