शहरी क्षेत्र के 58 केन्द्रों के लिए बांटी गई परीक्षा सामग्री

Feb 22 2025

ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाओं के लिये प्रश्न-पत्र व उत्तर पुस्तिकायें सहित अन्य गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण शनिवार को भी किया गया। गत दिवस ग्रामीण क्षेत्र के 34 परीक्षा केन्द्रों के लिये परीक्षा सामग्री वितरित की गई थी।
जयेन्द्रगंज स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिंदे की छावनी में बनाए गए वितरण केन्द्र से शहरी क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों की परीक्षा सामग्री वितरित कर विशेष वाहनों द्वारा निर्धारित रूट के अनुसार पुलिस अभिरक्षा में शहरी क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों के लिये रवाना की गई।
माध्यमिक शिक्षा मण्डल के तहत हायर सेकेण्ड्री की परीक्षायें 25 फरवरी से शुरू होकर 25 मार्च तक आयोजित होंगीं। इसी तरह हाई स्कूल की परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होकर 21 मार्च तक चलेंगीं।
जिला शिक्षा अधिकारी अजय कटियार ने बताया कि प्रश्न-पत्र संबंधित पुलिस थाने में कड़ी सुरक्षा के बीच रखे जा रहे हैं। उत्तर पुस्तिकायें व अन्य परीक्षा सामग्री संबंधित परीक्षा केन्द्र पर पहुँचाई जा रही है।