पीडि़त महिला नर्सिंग ऑफिसर ने की सिंधिया से मुलाकात

Feb 22 2025

ग्वालियर। नर्सिंग एसोसिएशन मध्यप्रदेश के एक प्रतिनिधि मंडल ने पीडि़त नर्सिंग ऑफिसर के साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर मुरार जिला अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं महिला नर्सिंग ऑफिसर्स के साथ हो रहे यौन उत्पीडऩ एवं शिकायत न सुने जाने और उल्टा प्रताडि़त किए जाने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। 
बतादें कि मुरार जिला अस्पताल आजकल दो डॉक्टर्स के ऊपर कई बार यौन उत्पीडऩ जैसे द्विअर्थी संवाद, अश्लील हरकतें, अश्लील बातें, देर रात्रि फोन करना, मैसेज करना आदि की शिकायतों को लेकर चर्चा में बना हुआ है। 
एक महिला नर्सिंग ऑफिसर द्वारा इन पर विभिन्न आरोप लगाए गए, जिसकी शिकायत उक्त नर्सिंग ऑफिसर द्वारा विभाग के समस्त अधिकारियों के साथ एसएसपी, पुलिस थाना मुरार एवं कलेक्टर को भी की किंतु जब कहीं से भी न्याय नहीं मिला तो न्यायालय की शरण ली जहां उसे अंतरिम राहत तो मिली। 
महिला नर्सिंग ऑफिसर ने सिंधिया से कहा कि आप हमारी आखिरी उम्मीद हैं यदि मुझे न्याय नहीं मिला तो में न्यायालय से इक्षा मृत्यु की गुहार करूंगी एवं जिला अस्पताल परिसर में ही अपने प्राण त्याग दूंगी। नर्स का कहना है कि सिंधिया ने उनसे कहा है कि मैं इस मामले को देखता हूं।