50 करोड़ लोगों ने किया त्रिवेणी संगम में स्नान:सिंधिया

Feb 21 2025

ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को अपने 2 दिवसीय प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। एयरपोर्ट पर सिंधिया ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ममता बनर्जी के कुंभ पर दिए बयानों पर कहा कि देश की धार्मिक पद्धति और विचारधारा को इस तरह से कलंकित करने से बुरी कोई बात नहीं हो सकती है।
50 करोड़ लोगों ने जाकर त्रिवेणी संगम में स्नान किया है। 144 साल बाद यह मौका आया है। हमने खुद स्नान किया है इसलिए मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। देश ही नहीं विश्व भर के लोग वहां पर आ रहे हैं। ऐसे में देशवासी ही ऐसे शब्दों का उपयोग कर रहे हैं तो इसकी जितनी भी निंदा करें वह कम होगी।
योगी जी की सरकार ने बहुत सुंदर तरीके से यह करके दिखाया है, बाहर खड़े होकर टिप्पणी करना बहुत आसान होता है। वह भी तब जब आप खुद वहां नहीं गए हो। पहले जाकर वहां देखो और अहसास करो। बंगाल या दूसरे राज्यों में बैठकर सनातन धर्म पर टीका-टिप्पणी कर राजनीतिक रोटी सेक रहे हो। इससे बड़ी कोई निंदा नहीं हो सकती है।
महिला सशक्तिकरण का जमाना
दिल्ली को महिला मुख्यमंत्री मिलने पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि रेखा गुप्ता को इसके लिए बहुत-बहुत बधाई। वह एक जनसेवक रही हैं। भाजपा की यही एक विशेषता है। यहां एक-एक व्यक्ति को मौका दिया जाता है। समर्पण भाव के आधार पर मान सम्मान दिया जाता है, इसलिए प्रधानमंत्री की जो सोच विचारधारा है एक भारत श्रेष्ठ भारत, जिसमें हर व्यक्ति के साथ हर महिला को मौका दिया जाता है। आज महिला सशक्तिकरण का जमाना है।
सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को खुद के गिरेवान में झांकना चाहिए कि देश की समृद्धि और विकास में कितने रोड़े अटकाए थे। रीवा, जबलपुर, ग्वालियर सहित अन्य जगहों पर इन्वेस्टर्स मीट हो चुकी हैं। अब भोपाल में हो रही है। इसका स्वागत करने के बजाय इतनी नकारात्मक प्रवृत्ति कांग्रेस या कोई भी राजनीतिक दल रखेगा तो उनकी स्थिति भी देश की जनता के हृदय स्थल में उनकी सोच की तरह वही स्थान बनाएगी।