कर्मचारी संघ ने की वेतन देने की मांग

Feb 20 2025

ग्वालियर। स्वास्थ्य महकमे के अधीन कार्यरत आउटसोर्स डाटा ऑपरेटर एवं सपोर्ट स्टॉफ को वेतन दिए जाने की मांग को लेकर मप्र संविदा एवं ठेका संघ (इंटक) ने सीएमएचओ को ज्ञापन सौंपा। वहीं संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने भी वेतन देने की मांग की है। 
संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष कोमल सिंह और धर्मवीर शुक्ला व विश्वेश्वर गोस्वामी ने बताया कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं कि हर महीने की पहली तारीख को आउटसोर्स कर्मचारी का वेतन उनके खाते में पहुंचना चाहिए, लेकिन शर्मा सिक्योरिटी द्वारा कभी भी समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। इसी कारण डाटा ऑपरेटर एवं सपोर्ट स्टॉफ को अभी तक वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा ईपीएफ, ईएसआई का पैसा भी समय पर जमा नहीं किया जाता है।
हालांकि संघ के द्वारा बार-बार इस बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का निदान आज तक नहीं हो सका। शर्मा सिक्योरिटी सर्विस द्वारा किए गए अनुबंध में महीने की 5 तारीख के बाद भुगतान किया जाएगा तो एजेंसी को 12 प्रतिशत की दर से अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा। लिहाजा जिन आउटसोर्स डाटा ऑपरेटर और सपोर्ट स्टॉफ को वेतन नहीं दिया है, उन्हें अविलंब दिलवाया जाए।