कार में 2 घंटे तक प्रॉपर्टी कारोबारी को बंधक बनाकर पीटा

Feb 17 2025

ग्वालियर। एक प्रॉपर्टी कारोबारी का 4 बदमाशों ने अपहरण कर उसे कार में बंधक बनाकर 2 घंटे तक सडक़ों पर घुमाते रहे। घटना महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम पानी की टंकी के पास टाइगर चौक की है। गत देर रात करीब 10 बजे घटना का पता चलते ही पुलिस एक्टिव हुई और घेराबंदी शुरू कर दी तो बदमाश प्रॉपर्टी डीलर को छोडक़र भाग गए। सोमवार दोपहर को पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम निवासी गिर्राज डंडोतिया पुत्र राम गोविंद डंडोतिया एक प्रॉपर्टी कारोबारी है। गत रात 10 बजे अपनी टाइगर चौक स्थित दुकान पर बैठे थे। तभी अरविंद गुर्जर और शेरू गुर्जर उर्फ शशांक का पुराने लेन-देन को लेकर कॉल आया। वे धमकाने लगे। विरोध किया तो उसे उठा ले जाने की धमकी दी। धमकी से घबराए गिर्राज ने मामा को कॉल लगाकर बुला लिया।
इसी बीच अरविंद गुर्जर और शेरू गुर्जर उर्फ शशांक एक कार से वहां पर पहुंचे। उनके 2 अन्य साथी बाइक पर थे। आते ही उन्होंने मारपीट की और उसे कार में पटक लिया। जब मामा ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी मारपीट कर उसे लेकर चले गए। इसके बाद वह उसे सडक़ों पर चलती कार में मारपीट करते रहे।
सूचना मिलने पर पुलिस ने बदमाशों को पकडऩे के लिए शहर में नाकाबंदी लगाई तो बदमाश घबराकर प्रॉपर्टी कारोबारी को सडक़ पर ही छोडक़र भाग गए। फिलहाल पुलिस में पीडि़त कारोबारी की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महाराजपुर थाना सर्किल के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि एक प्रॉपर्टी कारोबारी को पैसे के लेनदेन के विवाद को लेकर कुछ बदमाश कार में जबरन बंधक बनाकर ले गए थे। और मारपीट की थी, सूचना पर जब बदमाशों को पकडऩे के लिए घेराबंदी की तो बदमाश कारोबारी के छोडक़र भाग गए, कारोबारी को मारपीट के दौरान कुछ कर भी आई है। फिलहाल कारोबारी का मेडिकल कराने के बाद उसकी शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।