बाकी देशों की जितनी करंसी गिरी है उसकी अपेक्षा रुपया अच्छी स्थिति में:विनोद तावड़े

Feb 17 2025

ग्वालियर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा पेश बजट की तारीफ करते हुए इसे विकासोन्मुखी बताया है। यह बात श्री तावड़े ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। 
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले बाकी देशों की जितनी करंसी गिरी है उसकी अपेक्षा रुपया अच्छी स्थिति में है इसलिए भारत की साख गिरने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने केन्द्रीय बजट को जन हितैषी, किसान हितैषी और मजदूर वर्ग सहित सभी के लिए लाभदायक बताया। यह बजट विकास के साथ गरीबी को घटाकर शून्य तक ले जाने का कार्य करेगा। बजट में पांच लाख महिलाओं व अनुसूचित जाति जनजाति को उद्यमी बनाने के लिये ऋण प्रदान किया जाएगा। बजट में पांच लक्ष्य निर्धारित कर उन पर अमल किया गया है। इस बजट में वरिष्ठ नागरिकों को जहां टीडीएस में बढ़ोत्तरी कर एक लाख किया गया है। वहीं अन्य सुविधाएं भी दी गई है।
श्री तावड़े ने कहा कि बजट में कृषि योजना में किसान क्रेडिट कार्ड को तीन लाख से बढाकर पांच लाख किया गया है। साथ ही बजट से एमएसएमई से भी निवेश बढेगा। इसके अलावा स्वदेशी न्यूक्लियर रिएक्टर को 20 हजार करोड़ उपलब्ध कराए गए है। वहीं देश में 120 नए एयरपोर्ट के लिए प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि टैक्स स्लैब में दी गई छूट से मध्यम वर्ग को बहुत फायदा मिलेगा। वरिष्ठ नागरिकों को भी छूट मिली है।
पत्रकारवार्ता में उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, जिला प्रभारी अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, विधायक मोहन सिंह राठौर, जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, ग्रामीण अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, विनोद शर्मा, विनय जैन, राजू पलैया, मीडिया प्रभारी राजलखन सिंह, जिला मीडिया प्रभारी नवीन चौधरी और जवाहर प्रजापति आदि मौजूद थे।