36 परीक्षा केंद्रों में 10,817 छात्रों ने दी एमपी पीएससी की परीक्षा

Feb 16 2025

ग्वालियर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) की मुख्य परीक्षा रविवार को हुई। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारम्भिक परीक्षा-2025 शहर में रविवार को 36 परीक्षा केंद्रों पर हुई। यह परीक्षा दो सत्रों में आयोजित हुई।
पहले सत्र की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। वहीं दूसरे सत्र की परीक्षा दोपहर 2.15 बजे से शाम 4.15 बजे तक आयोजित की गई। एमपी पीएससी की परीक्षा के लिए ग्वालियर जिले में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में 10817 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर कुमार सत्यम को सौंपी गई थी। 
छात्रों को परीक्षा के लिए सुबह 9 बजे बुलाया गया था। परीक्षा केन्द्रों पर चेकिंग के दौरान छात्र-छात्राओं को अलग-अलग लाइन लगाकर उनकी तलाशी ली गई।
परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले ही मुख्य द्वार पर कड़ी चेकिंग की गई। जो छात्र जूते पहनकर परीक्षा देने पहुंचे थे उनके जूते परीक्षा केंद्र के बाहर ही उतरवा लिए गए। इसके अलावा बेल्ट, बैग, वॉलेट, बिना ट्रांसपेरेंट बोतल, घडिय़ां, गाडिय़ों की चाबियां और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर ही जमा करा लिए गए।
परीक्षा को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराने के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 113 को कंट्रोल रूम बनाया गया था। कलेक्ट्रेट के अधीक्षक और कंट्रोल रूम प्रभारी आरआई भगत ने बताया कि यहां पर परीक्षा केन्द्र जानने के लिए छात्रों ने कई बार फोन किए।
मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग द्वारा ग्वालियर में परीक्षा के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी एनसी नागराज सेनि उच्च न्यायिक सेवा व आशुतोष अवस्थी सेनि. आईएएस को सौंपी गई है।