एमआईटीएस में साइबर सुरक्षा पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ

Feb 15 2025

ग्वालियर। माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एमआईटीएस- डीम्ड यूनिवर्सिटी) द्वारा प्रोएक्टिव साइबरसिक्योरिटी रियल-वलर्ड डिजिटल थ्रेट्स एंड डिफेंसेज विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (सी-डैक), नोएडा और संस्थान के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। 
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों की पहचान, रोकथाम और सुरक्षा उपायों के प्रति शिक्षकों, शोधार्थियों, छात्रों एवं अन्य नागरिकों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (सी-डैक), नोएडा के विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा की नवीनतम तकनीकों, डेटा सुरक्षा, साइबर हमलों के विश्लेषण और रियल-टाइम रणनीतियों पर गहन प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम को चार सत्रों में विभाजित किया गया, जिनमें प्रतिभागियों को डिजिटल सुरक्षा प्रोटोकॉल, मैलवेयर विश्लेषण, नेटवर्क सुरक्षा और साइबर घटनाओं के प्रबंधन जैसे विषयों पर व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
संस्थान की डीन डॉ. मंजरी पंडित ने कहा यह प्रशिक्षण हमारे शैक्षणिक समुदाय को साइबर खतरों के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (सी-डैक) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के साथ सहयोग से हम आधुनिक चुनौतियों के समाधान हेतु प्रौद्योगिकी और ज्ञान का समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कार्यक्रम का लक्ष्य साइबर सुरक्षा को केवल सैद्धांतिक न रखकर व्यावहारिक अनुभवों के माध्यम से सशक्त बनाना है।"
प्रतिभागियों की भागीदारी में एमआईटीएस डीम्ड यूनिवर्सिटी लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से शिक्षा और अनुसंधान को डिजिटल युग की माँगों के अनुरूप विकसित करने के प्रति संकल्पित है। यह जानकारी संस्थान के जन संपर्क अधिकारी मुकेश मौर्य द्वारा साझा की गयी।