एमएलबी कालेज में भारतीय ज्ञान परंपरा पर दो दिवसीय संगोष्ठी कल से

Feb 13 2025

ग्वालियर। महारानी लक्ष्मीबाई कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा पर दो दिवसीय राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का आयोजन 15 फरवरी और 16 फरवरी को किया जा रहा है। 
गुरूवार को उक्त जानकारी पत्रकारों को देते हुये आयोजन सचिव डॉ. राजेन्द्र वैद्य, संयोजक धीरेन्द्र सिंह भदौरिया, एवं प्राचार्य एमएलबी कालेज डॉ. हरीश अग्रवाल समन्वयक डॉ. प्रदीप गुप्ता ने बताया कि प्राचीन काल से हमारा देश भारत उच्च मूल्यों, ज्ञान विज्ञान एवं श्रेष्ठ परंपराओं का देश रहा है। भरतीय ज्ञान परंपरा ने विविध क्षेत्रों जैसे दर्शन, राजनीति, खगोल, अर्थशास्त्र आयुर्वेद, जीवन विज्ञान, पर्यावरण, वाणिज्य, गणित, संगीत, ज्योतिष चिकित्सा, भौतिकी, रसायन शास्त्र स्थापत्य कला आदि बहुविषयों में ज्ञान देकर समाज एवं मानव जाति की उन्नति में अतुलनीय योगदान दिया है। 
इसी को लेकर दो दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ 15 फरवरी को साढे दस बजे से होगा। इसके मुख्य अतिथि आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग मप्र मनोज श्रीवास्तव होंगे। संगोष्ठी को सुरेश गुप्ता, डॉ. चांद किरण सलूजा, दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, डॉ. स्मिता सहस्त्रबुद्धे, डॉ. कुमार रत्नम विशेष अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। 
संगोष्ठी के दूसरे दिन 16 फरवरी को साढे दस बजे से संगोष्ठी शुरू होगी। समापन सत्र में आईटीएम विश्वविद्यालय के कुलगुरू डा योगेश उपाध्याय, मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि मध्यभारत शिक्षा समिति के डॉ. राजेन्द्र बांदिल रहेंगे। 
पत्रकार वार्ता मे डॉ. राजेन्द्र वैद्य, डॉ. वीके शर्मा, डॉ. प्रदीप गुप्ता, दीपक शर्मा आदि मौजूद थे।