दो बदमाश मां की आंखों में मिर्ची झोंककर 6 साल के बेटे को बाइक पर ले गए,बदमाशों पर 30 हजार का इनाम घोषित
Feb 13 2025
ग्वालियर। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे 6 साल का बच्चा मां के साथ स्कूल बस का इंतजार कर रहा था। तभी बाइक पर दो बदमाश पीछे से आए और महिला की आखों में मिर्ची झोंक दी। इसके बाद बच्चे को उठाकर ले गए। घटना मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
घटना मुरार थाना क्षेत्र की सीपी कॉलोनी में जैन मंदिर के सामने की है। जानकारी के अनुसार, शिवाय अपनी मां आरती गुप्ता के साथ स्कूल बस पकडऩे के लिए सुबह 8 बजे घर से निकाला था। वह लिटिल एंजेल स्कूल में यूकेजी का छात्र है। शिवाय के पिता राहुल गुप्ता शुगर कारोबारी हैं। उनका कहना है कि मेरा किसी से कोई विवाद या दुश्मनी नहीं है। वहीं, ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
शिवाय को मां आरती रोज गली के कॉर्नर पर बस तक छोडऩे जाती है। गुरुवार को वह 8.05 बजे घर से बेटे का हाथ पकडक़र गली के कॉर्नर के लिए निकली थी। आरती के एक हाथ में शिवाय का स्कूल बैग था, दूसरे हाथ से उसे पकड़े हुए थी। वह बमुश्किल 150 फीट की दूरी पर ही गई थी और बस पॉइंट चंद कदमों की दूरी पर था, तभी अचानक पीछे से किसी ने उनके चेहरे पर हाथ फेरा।
आरती को लगा कि कोई मजाक कर रहा है। वह कौन है, कौन है, कहती रहीं और पीछे से एक नकाबपोश ने उनके चेहरे पर मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद बदमाश धक्का देकर उनके मासूम बेटे को छीन ले गया। बदमाश के धक्के से आरती सडक़ पर गिरकर घायल हो गई थीं। जब तक उठ पातीं बदमाश उनके बेटे को लेकर भाग चुके थे।
परिजन से पता चला है कि कुछ दिन से शिवाय की तबीयत ठीक नहीं थी। वह तीन दिन से स्कूल भी नहीं जा रहा था। बुधवार को रविदास जयंती पर अवकाश था। चार दिन बाद गुरुवार को जब वह अपनी मां का हाथ पकडक़र स्कूल के लिए निकला था। तभी घात लगाए बैठे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
एक बात साफ है कि अपहरणकर्ताओं के निशाने पर शिवाय ही था, क्योंकि कुछ देर पहले इसी घर से दो और बच्चे भी स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन उनको टारगेट नहीं किया गया था।
वहीं पुलिस को बदमाशों की आखिरी लोकेशन लक्ष्मणगढ़ के पास मिली है, जहां घेराबंदी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मुरैना की गैंग पर संदेह है। शाम 5 बजे तक अपहृत बच्चे शिवाय के परिवार को फिरौती के लिए कोई कॉल नहीं आया है। ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना ने आरोपियों पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।
तीन दिन से बिना नंबर प्लेट की बाइक घूम रही थी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से तीन दिन पहले से ही इलाके में संदिग्ध गतिविधियां हो रही थीं। आसपास के लोगों ने बताया कि गली में लगातार एक बिना नंबर प्लेट की बाइक घूम रही थी। कभी उस पर एक युवक सवार होता, तो कभी दो। दोनों ही हमेशा चेहरे ढके रहते थे। आशंका है कि बदमाशों ने शिवाय को अगवा करने की पहले से ही प्लानिंग की थी। बदमाश उसके स्कूल जाने के रूट की रेकी कर रहे थे।
पुलिस अब कारोबारी के घर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि किसी फुटेज में बदमाशों के चेहरे कैद हो सकते हैं, जिससे उनकी शिनाख्त में मदद मिलेगी।
व्यापारी राहुल गोयल ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था खराब हो चुकी है। आम आदमी सुरक्षित नहीं है। शहर में दो दिन के अंदर दूसरी बड़ी घटना हुई है। हमें अभी बच्चे को लेकर किसी तरह का संपर्क नहीं किया गया है। अगर मामले में जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो हम अनशन पर बैठेंगे।
सीसीटीवी में घटना की तीन तस्वीरें कैद हुई है। पहली में एक बदमाश बाइक पर बैठा रहा। दूसरा बच्चे को उठाने गया था। दूसरी में महिला को धक्का देकर, बदमाश बच्चे को लेकर बाइक की तरफ भागा। तीसरी में महिला ने खुद को संभाला और बाइक पर बच्चे को ले जा रहे बदमाशों के पीछे भागी।
संपादक
Rajesh Jaiswal
9425401405
rajeshgwl9@gmail.com
MP Info News
Invalid RSS feed URL.
ब्रेकिंग न्यूज़
विज़िटर संख्या
अन्य ख़बरें
-
-
-
*हेमू कालानी जन्मोत्सव मिष्ठान वितरण कर बनाया* *
—03/23/2019 -









