कोचिंग के बाहर छात्रों के दो गुटों में मारपीट, वीडियो वायरल

Feb 11 2025

ग्वालियर। छात्रों के दो गुटों में हो रही मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में दोनों ही गुटों के छात्र एक दूसरे को लात-घूंसे और थप्पड़ से बीच सडक़ पर मारपीट करते दिख रहे हैं। जिस जगह युवकों में मारपीट हो रही थी वहीं छत पर मौजूद एक अन्य युवक ने मारपीट का यह वीडियो अपने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है।
मारपीट का वीडियो पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में भी आया है। पुलिस का कहना है कि थाने पर कोई भी शिकायत करने नहीं आया है। यदि कोई शिकायत लेकर आता है तो कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर मारपीट कर रहे छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर मंगलवार को सामने आया वीडियो ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटोपार्क शिव कॉलोनी का बताया जा रहा है। जहां कोचिंग के आधा दर्जन से ज्यादा छात्र एक दूसरे को बीच सडक़ पर लात-घूंसे और थप्पड़ से मार रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले कोचिंग के छात्रों का किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके चलते इन छात्रों के गुटों ने सडक़ पर ही एक दूसरे को पीटना शुरू कर दिया था। मारपीट और हंगामे को देख कर वहीं एक घर की छत पर खड़े एक अन्य युवक ने मारपीट का यह वीडियो अपने मोबाइल से बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो मंगलवार को सामने आया है। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है।