प्रेमी-युगल ने एसपी से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई

Feb 10 2025

ग्वालियर। जान बचाने के लिए भाग रहे दंपती ने एसपी आफिस पहुंचकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया है। एक ही जाति के होने के बावजूद लडक़ी के परिजन उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
ग्वालियर के आंतरी थाना क्षेत्र के बडक़ी सराय गांव के रहने वाले नव दंपती रंजीत और ऋतु गुर्जर में लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजन शादी के खिलाफ थे तो दोनों ने गुपचुप विवाह कर लिया। जब से परिजनों को लव-मैरिज का पता चला है तब से वो उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं।
ऋतु ने बताया कि वह रंजीत से प्यार करती है और इस बारे में अपने परिजनों को भी बताया था। ऋतु ने कहा कि वह रंजीत के साथ जीने और मरने की कसम खा चुकी है। ऋतु के परिजन जब शादी को नहीं माने तो उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगडऩे पर रंजीत ने दिल्ली ले जाकर इलाज कराया।
ऋतु का कहना है कि ठीक होने के बाद दोनों ने आर्य समाज पद्धति से शादी कर ली। ऋतु का कहना है कि शादी के बाद वह घर लौट रही थी। इस दौरान उसके बाबा, चाचा और पापा के साथ अन्य रिश्तेदार हम दोनों को मारने पर आमादा हो गए।
वहीं आरोप है कि ऋतु के परिजनों ने नव दंपती को जान से मारने के इरादे से मुरैना में घेर लिया, इस दौरान परिजनों के पास बंदूक भी थी। जैसे तैसे दोनों ने भागकर जान बचाई। लेकिन वह अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
ऋतु ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस उसके पति रंजीत के परिजनों को प्रताडि़त कर रही है। रंजीत के छोटे भाई को पकड़ लिया है। ऋतु का कहना है कि परिजन उसे और उसके पति को मार देंगे। इसलिए उसने सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती का कहना है कि अगर मुझे या मेरे पति को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी मेरे घर वालों की ही होगी।
ऋतु के पति रंजीत का कहना है कि उन्होंने आर्य समाज पद्धति से विवाह करने के साथ ही कोर्ट मैरिज भी की है। ऋतु के परिजन उन्हें धमकियां दे रहे हैं। उसके परिवार वालों को भी परेशान किया जा रहा है। रंजीत व ऋतु ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी जान और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
एएसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि युवती के परिजनों ने थाने में उसके गायब होने की रिपोर्ट कराई थी। अब वह युवक के साथ आई है। उसका बयान महिला पुलिस अफसर से दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। शादी के संबंध में भी उनके दस्तावेजों की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।