शहर को स्वस्थ और नशामुक्त के लिए दौड़े ऊर्जा मंत्री तोमर

Feb 09 2025

ग्वालियर। रविवार सुबह प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहर को नशा मुक्त बनाने और स्वच्छता का संदेश देने के लिए दौड़ लगाई। इस संकल्प के साथ शुरू की गई मिनी मैराथन में बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हमारा लक्ष्य अपने ग्वालियर शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में नंबर वन बनाने के साथ ही इसे हरियाली से युक्त करना है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे शहर की स्वच्छता के लिए प्रयास करने के साथ ही नशामुक्त ग्वालियर बनाने में भी अपनी भागीदारी निभाएं, तभी हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि बीते एक महीने पहले हमने यह संकल्प लिया था कि ग्वालियर को स्वच्छ, हरा-भरा, प्रदूषण मुक्त और नशा मुक्त बनाएंगे। इस अभियान के तहत प्रतिदिन सीताराम धुन का वाचन किया जा रहा है। इसी क्रम में हर माह सुंदरकांड और 200 से 1000 मीटर की मिनी मैराथन का आयोजन करने का भी संकल्प लिया गया है।
रविवार सुबह 8.30 बजे कांच मिल से मिनी मैराथन प्रारंभ हुई। यह मिनी मैराथन पाताली हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई। मैराथन में बच्चों से लेकर बड़े तक सभी वर्ग के लोग शामिल हुए। 
मैराथन में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित मण्डलों के अध्यक्ष तथा पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल हुए। इस अवसर पर लोगों ने मैराथन में शामिल लोगों का कई स्थानों पर स्वागत भी किया। मैराथन के समापन पर ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए एवं नशामुक्ति के लिए जनजागरुकता अभियान के तहत हर माह मिनी मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार चल रहे जागरुकता अभियान के कारण लोग अब स्वयं ही स्वच्छता के प्रति जागरुक हो रहे हैं और सुबह घरों सें निकलने वाले कचरे को निगम के वाहनों में डाल रहे हैं।
दिल्ली आपदा मुक्त, अब होगा विकास
तोमर ने दिल्ली में भाजपा की विजय को प्रचंड विजय बताते हुए कहा कि दिल्ली की जनता आपदा से मुक्त हो चुकी है। उन्होंने जनता में भ्रम का वातावरण पैदा कर दिल्ली का विकास अवरुद्ध कर दिया था। जनता को शुद्ध पानी पिलाने के वादे को भी वे निभा नहीं पाए। जनता ने प्रधानमंत्री मोदी के विकास पर विश्वास करते हुए केजरीवाल की विदाई कर दी है। अब यहां डबल इंजन सरकार विकास का श्रीगणेश करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास लौटेगा यह जनता जनार्दन की बड़ी जीत है।