9वीं की छात्रा ने किले से कूदकर की आत्महत्या, पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Feb 07 2025

ग्वालियर। 9वीं क्लास की एक छात्रा ने किले से कूदकर खुदकुशी कर ली। घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के सेवा नगर स्थित किले की तलहटी में गत देर शाम 7 बजे की है। छात्रा ने सुसाइड क्यों किया, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। 2 घंटे से ज्यादा समय तक सर्चिंग कर शव बरामद किया। छात्रा के किले से कूदने की सूचना वहां घूम रहे लोगों ने पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंची। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रा की पहचान ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर निवासी पुष्पा यादव के रूप में हुई है। किले की तलहटी में गिरकर गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
छात्रा के पिता रिंकू यादव ने बताया कि पुष्पा आनंद नगर में ही ग्रीन गार्डन स्कूल में 9वीं क्लास में पढ़ती थी। बेटा शहर से बाहर पढ़ता है।
रिंकू यादव ने बताया कि पुष्पा शाम करीब 5 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए स्कूटी लेकर निकली थी। इसके बाद करीब 5:30 बजे राज यादव का फोन आया। उसने बताया कि आपकी लडक़ी किले से सुसाइड करने वाली है, उसे बचा लो। मुझे पूरा यकीन है कि युवक राज यादव ने ही बेटी की हत्या की है।
पड़ाव थाने के एसआई रोहित चौधरी ने कहा सुसाइड करने से पहले पुष्पा के मोबाइल पर कुछ कॉल आए थे। उन नंबरों की पड़ताल की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।