पुलिस वाट्सऐप या फोन के माध्यम से कोई पूछताछ करती:एसएसपी धर्मवीर

Feb 03 2025

ग्वालियर। न तो कानून में डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई प्रावधान है, न ही वाट्सऐप या फोन के माध्यम से पुलिस कोई पूछताछ करती है। यह सब धोखाधड़ी और सायबर अपराध होता है। जिसका शिकार वही बनता है जिसे इस बारे में जानकारी नहीं है। यह बात एसएसपी धर्मवीर सिंह ने सिन्धु हिन्दू समाज कल्याण समिति की ओर से समाधिया कॉलोनी में सायबर क्राइम से बचाव के लिए आयोजित जागरूकता शिविर में कही।
इस अवसर पर उन्होंने उदाहरण देकर समझाया कि यदि आप किसी भी प्रकार से इसका शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने यह भी कहा कि अपने सभी संबंधितों और बच्चों को इस बारे में अधिकाधिक जागरूक करें, ताकि यह जागरूकता अभियान सफल हो। जागरूकता ही सायबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा हथियार है। 
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि अपने बैंक खाते और अन्य निजी जानकारी को किसी से भी साझा न करें, न ही किसी लोभ लालच में आकर अनाधिकृत पोर्टल से कोई नाता रखें। सावधानी ही हमें सायबर अपराध का शिकार होने से बचा सकती है। 
कार्यक्रम में अनिल आहूजा, संतोष वाधवानी, सुनील तलरेजा, सुरेश लछवानी, मनोज ढींगरा, अविनाश हीरानी, राजेश वाधवानी, हासानंद आहूजा, प्रकाश पंजवानी, राजकुमार कुकरेजा, जयकिशन, विजय भवनानी व संस्था पदाधिकारी उपस्थित रहे। आभार राम जयसिंघानी ने व्यक्त किया।