बजट से गांव और किसानों की तस्वीर बदलेगी: चौहान

Feb 02 2025

ग्वालियर। रविवार को ट्रांजिट विजिट पर ग्वालियर आए केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला और विकसित भारत के निर्माण का बजट है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास को इस बजट में प्राथमिकता ष्ट्व दी गई है। जिससे कि गांव और किसानों की तस्वीर बदलेगी।
ट्रांजिट विजिट पर रविवार को ग्वालियर आए चौहान ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार प्रत्येक वर्ग के लिए कृतसंकल्पित है, इसकी झलक इस बजट में नजर आती है। उन्होंने कहा कि किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड पर किसानों को लोन की सीमा तीन लाख से बढ़ाकर अब 5 लाख तक करने से किसानों के साथ ही कृषि का दायरा बढ़ेगा। इससे किसान समृद्ध होंगे और कृषि का विस्तार भी होगा। 
राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर केन्द्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के आगमन पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, भाजपा ग्रामीण के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत, पूर्व जीडीए अध्यक्ष रविन्द्र सिंह राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी, मधुसूदन भदोरिया सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। शिवराज सिंह चौहान यहां से मुरैना के लिए रवाना हो गए हैं। वे मुरैना में एक अस्पताल का शुभारंभ करने के लिए आए हैं।