संदिग्ध परिस्थिति में युवक गोली लगने से घायल

Jan 31 2025

ग्वालियर। मुरैना से खाना खाने आया एक युवक संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगने से घायल हुआ है। घटना पुरानी छावनी स्थित अटल गेट के पास गत रात करीब साढे 11 बजे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल युवक अस्पताल जा पहुंचा। मामले की जांच में कुछ बाते पुलिस के गले नहीं उतर रही है और मामले की जांच में जुटी हुई है। युवक का आरोप है कि उसे होटल वालों ने गोली मारी है, जबकि होटल वालों का कहना है कि युवक पर गोली किसी अन्य ने चलाई है। 
मुरैना विस्मल नगर निवासी आशीष कंषाना पुत्र साहब सिंह कंषाना बीती रात अपने चार दोस्तों के साथ खाना खाने पुरानी छावनी स्थित ऋतुराज होटल आया था। गत रात करीब साढ़े 11 बजे आशीष के भाई सुमित कंषाना ने पुलिस को सूचना दी कि उसके भाई को होटल वालों ने गोली मार दी है। गोली जबड़े में लगी है। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन यहां पर घायल नहीं मिला और तभी पता चला कि घायल पडाव इलाका स्थित एक निजी अस्पताल में है। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
घायलों का कहना था कि गोली होटल की तरफ से चलाई गई है, जब पुलिस ने वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो पता चला कि घायल युवक रात साढ़े नौ बजे स्कार्पियो से आया था और उसके साथ चार युवक भी थे। रात साढ़े नौ बजे से सवा 11 बजे तक वह चार बार होटल पर आए है और आखिरी बार सभी युवक गाडी से बाहर आए और उसके बाद अचानक भागने लगे। इसके बाद सूचना दी है कि आशीष को गोली मारी है। जबकि होटल वालों का कहना है कि गोली उनकी तरफ से नहीं चलाई गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है, ताकि मामले की असल वजह सामने आ सके।