कांग्रेस ने चार पीढिय़ों तक किया बाबा साहब का अपमान, भारत रत्न तक नहीं दिया:मुख्यमंत्री

Jan 25 2025

ग्वालियर। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय में आयोजित संविधान गौरव अभियान कार्यक्रम में कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीमराव अंबेडकर का चार पीढिय़ों तक अपमान किया और उन्हें भारत रत्न तक नहीं दिया।
मुख्यमंत्री ने अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति-जनजाति के युवाओं का विशेष सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने न केवल बाबा साहब को चुनाव लडऩे से रोका, बल्कि उन्हें हराने की भी साजिश की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 45 वर्षों तक संसद में बाबा साहब का चित्र तक नहीं लगने दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने पाकिस्तान के बंटवारे का भी विरोध किया था। मुख्यमंत्री ने मांग की कि कांग्रेस को बाबा साहब के प्रति किए गए इस अपमानजनक व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।