शादी समारोह से महिला का नगदी व जेवर से भरा बैग चोरी, सीसीटीवी में संदिग्ध महिला नजर आई

Jan 23 2025

ग्वालियर। शालीमार गार्डन में एक शादी समारोह के दौरान चोरों ने नगदी और जेवर से भरा बैग चुरा लिया। घटना के बाद सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध महिला चोर कैद हुई है। शादी में शामिल होने आई महिला के बैग में नगदी, जेवर, करीब एक हजार रुपए और एक आईफोन रखा हुआ था। पीडि़ता ने थाने पहुंचकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला चोर की तलाश शुरू कर दी है।
डीडी नगर निवासी 48 वर्षीय महिला गुड्डी सिकरवार ने थाटीपुर थाने में मामला दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि वह बीती रात शालीमार गार्डन में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थीं। रात करीब 11 बजे, एक चोर गार्डन में सोफे पर रखा उनका पर्स चुराकर ले गया। पर्स में सोने की एक जोड़ी सुई-धागा, एक हजार रुपए नकद, एक आईफोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
थाटीपुर थाना प्रभारी केके पाराशर ने बताया कि गत रात नगदी और जेवर से भरे बैग की चोरी की सूचना पीडि़ता ने थाने में दी थी। शिकायत के बाद गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध महिला कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।