छात्रों ने किया कृषि विज्ञान केंद्र और मितावली-पढ़ावली का शैक्षणिक दौरा

Jan 21 2025

ग्वालियर। केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 के प्राथमिक विभाग के छात्रों ने एक विशेष शैक्षणिक दौरा किया। छात्रों ने कृषि विज्ञान केंद्र और ऐतिहासिक स्थलों मितावली और पढ़ावली का भ्रमण किया। विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडे ने विद्यालय परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने छात्रों को इस दौरे के शैक्षणिक महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करते हैं।
दौरे के दौरान मुख्य अध्यापिका डॉ. भारती यादव ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों के साथ मनोरंजक गतिविधियाँ करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र और ऐतिहासिक स्थलों के महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि विज्ञान केंद्र में विशेषज्ञों ने छात्रों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती, और कृषि उपकरणों के उपयोग के बारे में बताया। छात्रों ने जैविक खेती और वैज्ञानिक पद्धतियों के महत्व को समझा और उनसे जुड़े सवाल भी पूछे।
इसके बाद छात्रों ने मितावली और पढ़ावली जैसे ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। शिक्षकों ने इन स्थलों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विशेषताओं को साझा किया। छात्रों ने इन स्थानों की अनूठी वास्तुकला को देखकर भारतीय इतिहास की धरोहर के प्रति जिज्ञासा और सम्मान व्यक्त किया। पढ़ावली में विद्यालय द्वारा छात्रों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। छात्रों ने समूह में भोजन का आनंद लिया, जिससे उनमें आपसी सहयोग और टीम भावना का विकास हुआ।
यह शैक्षणिक दौरा छात्रों के लिए न केवल एक रोमांचक अनुभव साबित हुआ, बल्कि उन्होंने कृषि और भारतीय इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों को भी सीखा। विद्यालय प्रशासन ने इस दौरे को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन करने का आश्वासन दिया।